| 03-08-2026 |
बिहार की बांकीपुर विधानसभा सीट पर हुए उपचुनाव में जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर ने भाजपा के नीरज कुमार को 19,324 मतों से हरा दिया है. वहीं, मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर कांग्रेस के घनश्याम सिंह ने भाजपा के आशुतोष तिवारी को 6,016 वोटों के अंतर से शिकस्त दी है

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) शासित बिहार और मध्य प्रदेश में हुए बांकीपुर और दतिया विधानसभा उपचुनावों में भाजपा को बड़ा झटका लगा है. चुनाव आयोग के अनुसार, बिहार की बांकीपुर सीट पर जन सुराज पार्टी के प्रशांत किशोर ने भाजपा के नीरज कुमार को 19,324 मतों से हरा दिया है.
बांकीपुर सीट पटना के शहरी क्षेत्र में स्थित है और इसे भाजपा का मज़बूत गढ़ माना जाता है. इस सीट से भाजपा के नितिन नबीन विधायक थे. उन्हें पार्टी का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाए जाने और राज्यसभा सदस्य चुने जाने के बाद उन्होंने विधानसभा की सदस्यता से इस्तीफ़ा दे दिया था, जिसके कारण यहां उपचुनाव हुआ.
2025 के विधानसभा चुनाव में यहां 41.35 प्रतिशत मतदान दर्ज किया गया था. उस चुनाव में नितिन नबीन ने राष्ट्रीय जनता दल (राजद) की रेखा गुप्ता को लगभग 52 हज़ार मतों से हराया था. इस बार भाजपा ने नीरज कुमार, जन सुराज पार्टी ने प्रशांत किशोर और राजद ने रेखा गुप्ता को मैदान में उतारा था. हालांकि, भाजपा ने पहले अभिषेक कुमार सिन्हा को उम्मीदवार बनाया था, लेकिन उन्होंने 10 जुलाई को पारिवारिक कारणों का हवाला देते हुए नामांकन वापस ले लिया था.
बांकीपुर उपचुनाव में बढ़त पर प्रशांत किशोर ने कहा कि यह जीत मेरी नहीं, बांकीपुर की जनता की जीत है, मतदाताओं ने भाजपा को मुख्यमंत्री बदलने का संदेश दिया है उन्होंने कहा, बिहार की जनता ऐसे व्यक्ति को राज्य का नेतृत्व करते नहीं देखना चाहती, जिसकी आपराधिक पृष्ठभूमि हो या जिसके आचरण, चरित्र और प्रतिष्ठा पर सवाल उठते हों.
वहीं, मध्य प्रदेश की दतिया सीट पर सभी 15 राउंड की मतगणना पूरी होने के बाद कांग्रेस के घनश्याम सिंह को 66,757 वोट मिले, जबकि भाजपा के आशुतोष तिवारी को 60,741 मत प्राप्त हुए. भाजपा ने इस चुनाव में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) की पृष्ठभूमि से आने वाले आशुतोष तिवारी को उम्मीदवार बनाया था दतिया की जीत पर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि दतिया की जीत कांग्रेस की सामूहिक तपस्या का परिणाम है!यह जननेता राहुल जी के नेतृत्व की जीत है.