| 07-03-2026 |
डीजीपी ने बताया कि 16 जनवरी 2026 को भारत सरकार के गृह मंत्रालय से सिक्किम पुलिस को एक आधिकारिक पत्र प्राप्त हुआ, जिसमें सूचित किया गया कि इस बल का चयन राष्ट्रपति पुलिस कलर के लिए किया गया है।

गंगटोक, सिक्किम पुलिस को वर्ष 2026 के लिए प्रतिष्ठित राष्ट्रपति पुलिस कलर से सम्मानित किया गया है। यह भारत में किसी भी पुलिस बल को दिया जाने वाला सर्वोच्च सम्मानों में से एक है।गुरुवार को यहां पुलिस मुख्यालय में आयोजित एक प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए, सिक्किम के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) अक्षय सचदेवा ने इस सम्मान के लिए गर्व, सम्मान और प्रसन्नता व्यक्त की।डीजीपी ने बताया कि 16 जनवरी 2026 को भारत सरकार के गृह मंत्रालय से सिक्किम पुलिस को एक आधिकारिक पत्र प्राप्त हुआ, जिसमें सूचित किया गया कि इस बल का चयन राष्ट्रपति पुलिस कलर के लिए किया गया है। उन्होंने कहा कि नववर्ष की शुरुआत में आई इस घोषणा से पूरे पुलिस बल और राज्य में अत्यंत गर्व और खुशी की भावना उत्पन्न हुई है।राष्ट्रपति पुलिस कलर उत्कृष्टता का प्रतीक है और असाधारण सेवा, उत्कृष्ट प्रदर्शन तथा कर्तव्य के प्रति अटूट समर्पण के लिए सर्वोच्च मान्यता प्रदान करता है। भारत के राष्ट्रपति द्वारा प्रदान किया जाने वाला यह सम्मान उन पुलिस बलों को दिया जाता है, जिन्होंने लंबे समय तक अनुकरणीय आचरण, पेशेवर ईमानदारी और जनसेवा के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता का प्रदर्शन किया हो।सचदेवा ने कहा कि यह सम्मान 1897 में स्थापना के बाद से राज्य और उसके नागरिकों के लिए सिक्किम पुलिस द्वारा किए गए कठिन परिश्रम, समर्पण और जनमैत्री सेवाओं की मान्यता है।उन्होंने मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग के प्रति आभार व्यक्त किया, जिनकी जन-केंद्रित और नागरिक हितैषी नीतियों के कारण सिक्किम पुलिस राज्य के निवासियों और आगंतुकों की प्रभावी सेवा कर सकी। उन्होंने कहा कि यह सम्मान राज्य की जनता का है, क्योंकि शांति और सद्भाव बनाए रखने में जनसहयोग अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने यह सम्मान सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मियों को भी समर्पित किया।सचदेवा ने आगे बताया कि राष्ट्रपति पुलिस कलर प्रदान करने के लिए केवल तीन ही गणमान्य व्यक्ति अधिकृत हैं—भारत के राष्ट्रपति, प्रधानमंत्री और केंद्रीय गृह मंत्री। इस सम्मान के लिए विशेष अलंकरण परेड आयोजित की जाती है, जिसके लिए गृह मंत्रालय द्वारा निर्धारित मानकों के अनुसार नया ध्वज और प्रतीक चिह्न तैयार किया जाता है। परेड का नेतृत्व पुलिस अधीक्षक या कमांडेंट द्वारा किया जाता है और इसमें अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक या उप पुलिस अधीक्षक के नेतृत्व में चार टुकड़ियां, साथ ही ब्रास और पाइप बैंड शामिल होते हैं।अलंकरण परेड का आयोजन सिक्किम में ही किया जाएगा।सचदेवा ने कहा कि यह सम्मान सिक्किम पुलिस के आत्मविश्वास को और बढ़ाएगा तथा भविष्य में राज्य और उसके लोगों की और अधिक समर्पण भाव से सेवा करने के लिए बल को प्रेरित करेगा।गौरतलब है कि वर्ष 1950 से अब तक देश के केवल 15 राज्यों को ही राष्ट्रपति पुलिस कलर से सम्मानित किया गया है।
-डिल्ली राम दुलाल