सबसे अपना दुखड़ा रोना अच्छी बात नहीं होती है
कठिनाई में धीरज खोना अच्छी बात नहीं होती है
सपनों को सच कर लेने का साहस और हौसला भी हो
वरना कोरे स्वप्न सँजोना अच्छी बात नहीं होती है
प्यार-मुहब्बत की फसलों को चाहे जितना बोओ-काटो
नफ़रत की फ़सलों को बोना अच्छी बात नहीं होती है
दुनिया में आये हो तो फिर दुनिया के होकर दिखलाओ
केवल अपने हित मे होना अच्छी बात नहीं होती है
अंतर्मन में बजे न अविरल सम्मोहन की अगर बाँसुरी
सिर्फ़ रूप का जादू-टोना अच्छी बात नहीं होती है
सिर्फ़ दिखावा हो रिश्तों का अपनेपन की बचे न उष्मा
संबंधों को तब भी ढोना अच्छी बात नहीं होती है
डॉक्टर दिनेश त्रिपाठी